जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश का खामियाजा एक बेजुबान जानवर को भुगतना पड़ा। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने बदले की भावना से एक पालतू डॉग को घर के बाहर पिलर की रॉड में फांसी पर लटकाकर मार डाला। इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश और सनसनी का माहौल है।
यह मामला ग्राम सिंगोरी का है। जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी को गांव के वंशकार और लोधी परिवार के लोग आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था, जिसे आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह शांत कराया था। हालांकि, उस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी थी।

घर के सामने से निकलने पर शुरू हुआ विवाद
दुर्गा प्रसाद वंशकार ने पुलिस को बताया कि 14 जनवरी को वह अपने साथियों के साथ नितेश ठाकुर के घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान नितेश ठाकुर अपने परिजनों के साथ बाहर आ गया और गाली-गलौच करने लगा। जब दुर्गा प्रसाद ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। ग्रामीणों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन तनाव बना रहा।
अगली रात पिलर पर लटका मिला पालतू डॉग
दुर्गा प्रसाद के अनुसार, 15 जनवरी को वह परिवार के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौटा था। उसी दौरान फिर से नितेश ठाकुर ने उसे रोककर गाली-गलौच की और अपमानजनक टिप्पणी की। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि उनका एक पालतू डॉग था, जो अक्सर रात में घर के बाहर घूमता रहता था।

विवाद के बाद जब रात में अचानक उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि घर के बाहर लगे पिलर की रॉड पर उसका पालतू डॉग फांसी पर लटका हुआ था। उनका आरोप है कि यह घटना पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई है।
पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम, जांच जारी
दुर्गा प्रसाद वंशकार की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपिंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि बीते तीन-चार दिनों से वंशकार और लोधी परिवार के बीच विवाद चल रहा था। 14 जनवरी को दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच और मारपीट हुई थी, जिस पर पहले ही दोनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया था।

शनिवार को वंशकार परिवार ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि उनके पालतू डॉग को जानबूझकर फांसी लगाकर मारा गया है। पुलिस ने डॉग का पोस्टमॉर्टम करवा दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि डॉग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन जिम्मेदार हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आपसी रंजिश में बेजुबान जानवरों को निशाना बनाना किस हद तक अमानवीय सोच को दर्शाता है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।