जबलपुर। जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला अंजू पांडे और उनकी पांच साल की बेटी के साथ पड़ोसियों द्वारा मारपीट की घटना सामने आई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिससे आरोपियों की दबंगई और हिंसक रवैये की पुष्टि होती है।
ट्रांसपोर्ट व्यवसाय करने वाली महिला बनी निशाना
अंजू पांडे ट्रांसपोर्ट का काम करती हैं और उनके पास कुछ गाड़ियां हैं। पड़ोस में रहने वाले राहुल यादव, भीषू बंगाली और रोहित यादव अक्सर उनसे गाड़ी मांगते थे। शुरुआत में अंजू ने पड़ोसी होने के नाते गाड़ियां दीं, लेकिन आरोपियों ने इसे नियमित रूप से मांगना शुरू कर दिया। जब अंजू ने गाड़ी देने से इनकार किया, तो उन्होंने पैसे की मांग शुरू कर दी।

घर के बाहर गाली-गलौच और हिंसा
बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे आरोपियों ने अंजू के घर के बाहर गाली-गलौच शुरू की और उन्हें बाहर बुलाया। जैसे ही महिला बाहर निकली, राहुल यादव ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान भीषू बंगाली, रोहित यादव और परिवार की महिलाएं सुनीता यादव व बबीता यादव भी मौजूद थीं।
मासूम बेटी को भी नहीं बख्शा
अंजू की पांच साल की बच्ची अपनी मां को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला ने बताया कि इलाके में आरोपियों की दबंगई के कारण कोई भी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता।

मकान और उधारी को लेकर विवाद
अंजू पांडे कुछ सालों से आधारताल में किराए पर रह रही हैं। हाल ही में उन्होंने जिस मकान में रह रही हैं उसे खरीदने के लिए एडवांस राशि भी दे दी है। आरोप है कि राहुल यादव और उनके परिवार वाले चाहते थे कि महिला मकान खाली कर उन्हें पैसे दें, लेकिन अंजू ने इनकार किया, जिससे आरोपियों का गुस्सा भड़क गया।
शिकायतें और पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और आधारताल थाना में कई बार शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का हौसला बुलंद हो गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR और शुरू की तलाश
आसपास के लोगों द्वारा वायरल किए गए सीसीटीवी वीडियो और महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपियों पर महिला और उसकी मासूम बेटी के साथ मारपीट करने का केस दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस दौरान आरोपी किसी भी तरह के दबाव या धमकी देने की कोशिश करें तो तुरंत 100 या आधारताल थाना में सूचना दें।