जबलपुर में चाइनीज मांझा की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, पुलिस ने कई दुकानों पर छापा मारकर जब्त किया मांझा !

Spread the love

जबलपुर। प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग से लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों की जान पर भी खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए जबलपुर कलेक्टर ने चाइनीज मांझा के बेचने और उपयोग करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर ने सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

मुखबिर की सूचना पर दुकानों पर छापेमारी

मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर लार्डगंज, गोहलपुर और माढ़ोताल थाना पुलिस ने शहर में कई दुकानों पर चाइनीज मांझा की बिक्री की छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा जब्त किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया।

लार्डगंज थाने में छापा

लार्डगंज पुलिस को सूचना मिली कि उजारपुरवा गली नंबर 4 में राजा पतंग वाले के यहां प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। मौके पर पुलिस ने दबिश दी और दुकान संचालक सुनील साहू को गिरफ्तार किया। उसकी दुकान से 19 पैकेट चाइनीज मांझा और कई चरखी जब्त की गई।

सुनील ने पूछताछ में बताया कि यह मांझा कोतवाली स्थित अलीम पतंग से थोक में खरीदकर लाया गया था। पुलिस ने अलीम पतंग के दुकान संचालक मोहम्मद हिदायत को भी गिरफ्तार किया। हालांकि उसकी दुकान से मांझा नहीं मिला, लेकिन प्रतिबंधित मांझा बेचने के मामले में उसे हिरासत में लिया गया।

माढ़ोताल और गोहलपुर थानों में कार्रवाई

माढ़ोताल थाना पुलिस ने बजरंग नगर और लमती रोड के आसपास छापेमारी की। किराने की दुकान संचालक रूप सिंह पटेल को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 6 नग गिर्री और 20 छोटे पैकेट चाइनीज मांझा जब्त किया गया।

गोहलपुर थाना पुलिस ने भी अबुजर मस्जिद के पास स्थित एक किराना दुकान से चाइनीज मांझा जब्त किया। दुकान संचालक जमील अंसारी को पुलिस हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई की विस्तार से जानकारी दी

पुलिस ने बताया कि अब तक चार दुकानों से बड़ी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त किया गया है और सभी आरोपी धारा 223(बी), 125 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।

पुलिस और प्रशासन की चेतावनी:
जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न खरीदें और न उड़ाएं, ताकि हादसों को रोका जा सके। भविष्य में किसी भी उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *