जबलपुर।
शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जबलपुर नगर निगम ने शुक्रवार को चण्डाल भाटा क्षेत्र के मऊरानीपुर में बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। कार्रवाई के दौरान संबंधित गोदाम संचालक पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
निगमायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के स्पष्ट निर्देशों के तहत की गई। नगर निगम उपायुक्त संभव अयाची ने बताया कि मऊरानीपुर क्षेत्र में स्थित एक लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में अवैध रूप से प्रतिबंधित पॉलीथिन के भंडारण की सूचना नगर निगम को प्राप्त हुई थी। सूचना की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
गोदाम में मिला अवैध स्टॉक
जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का स्टॉक पाया गया, जिसे नियमों के उल्लंघन में संग्रहित किया गया था। नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे अवैध माल को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा बनाकर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की।

प्रतिबंधित प्लास्टिक पर जीरो टॉलरेंस
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन का निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करती पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
नगर निगम उपायुक्त संभव अयाची ने बताया कि आयुक्त के निर्देशानुसार आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापामार कार्रवाई जारी रहेगी। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित रखना, नालों और जलस्रोतों को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाना तथा नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे कपड़े, कागज या अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें और प्रतिबंधित पॉलीथिन से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। नियमों का पालन कर ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।