जबलपुर पुलिस ने गढ़ा क्षेत्र स्थित होटल अतिथि में एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया और उनके सहयोगी शीतल दुबे पर असम की एक युवती को तीन साल तक जबरन देह व्यापार में धकेलने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता के अनुसार, उसे नौकरी के झांसी में जबलपुर लाया गया था। होटल में हर ग्राहक से 2,000 से 5,000 रुपये वसूले जाते थे, लेकिन उसे नाममात्र का हिस्सा दिया जाता था। धमकियों के बीच चार महीने पहले भाग निकली युवती ने हाल में धमकी मिलने पर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस छापे के दौरान चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दुबे फरार है। जांच में पता चला है कि यह एक संगठित रैकेट था जिसमें कोलकाता, सिक्किम और रायपुर से भी युवतियों को लाया जाता था। होटल के सीसीटीवी फुटेज और गेस्ट रजिस्टर की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चौरसिया होटल का मालिक होने के साथ ही भाजपा के रानी दुर्गावती मंडल के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मामले में मानव तस्करी और यौन शोषण की धाराएं लगाई जा सकती हैं। पुलिस ने होटल का लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर को पत्र भेजने की तैयारी कर ली है।

भाजपा ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए चौरसिया से दूरी बना ली है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। अभी तक केवल एक ही पीड़िता ने शिकायत की है, लेकिन पुलिस को शक है कि और भी युवतियां इस रैकेट का शिकार हुई होंगी। जांच दल आरोपियों के कॉल डिटेल और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।
