जबलपुर मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक विभाग के एचओडी डॉ. विवेक श्रीवास्तव का हार्ट अटैक से निधन

Spread the love

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. विवेक श्रीवास्तव (45) का बुधवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे अपने घर पर थे, तभी अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल कॉलेज में सूचना दी और साथी डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे। देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूलत: लखनऊ के थे डॉ. विवेक

डॉ. विवेक श्रीवास्तव मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 2011 में एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की थी और इसके बाद मेडिकल शिक्षा क्षेत्र में लगातार सेवाएं देते रहे। फॉरेंसिक मेडिसिन के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने जताया दुख

डॉ. विवेक के निधन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. रिचा शर्मा ने कहा कि रात को जैसे ही सूचना मिली, पूरा चिकित्सक समाज स्तब्ध रह गया। उन्होंने कहा कि यह केवल मेडिकल कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे चिकित्सक समुदाय के लिए बड़ी क्षति है।

परिजनों की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना, अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के एचओडी और चिकित्सक देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि डॉ. विवेक का पोस्टमार्टम गुरुवार को परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा।

परिवार में पत्नी और बेटी

डॉ. विवेक श्रीवास्तव अपने पीछे पत्नी और 14 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। अचानक हुए इस दुखद निधन से परिवार सहित पूरा मेडिकल कॉलेज परिसर शोकाकुल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *