जबलपुर में यात्रियों की सुरक्षा और सुगम परिवहन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त के निर्देश पर की गई, जिसमें मैदान में उतरी परिवहन विभाग की टीम ने यात्री वाहनों के फिटनेस और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।
40 वाहनों की जांच, 12 में गंभीर खामियां
अभियान के दौरान कुल 40 यात्री वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 12 वाहनों में गंभीर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इन सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए।

इमरजेंसी गेट पर लगाई जा रही थीं सीटें
जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कई यात्री बस संचालकों ने इमरजेंसी गेट पर भी सीटें लगाकर सवारियां बैठा रखी थीं। इससे आपात स्थिति में यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
एआरटीओ संतोष पाल और उनकी टीम ने मौके पर ही इमरजेंसी गेट के पास लगी सीटों को हटवाया और बस मालिकों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया।

अग्निशमन यंत्र भी नहीं थे उपलब्ध
परिवहन विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि कई बसों में अनिवार्य अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं थे। कुल 13 यात्री वाहनों में फायर एक्सटिंग्विशर नहीं पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए टीम ने इन बसों के परमिट निरस्त किए और संबंधित वाहन संचालकों पर जुर्माना लगाया।

इन वाहनों में नहीं मिला अग्निशमन यंत्र
जांच के दौरान जिन वाहनों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, उनके पंजीयन क्रमांक इस प्रकार हैं—
MP09-DW-1028, MP17-P-1951, CG19-F-0423, MP20-PA-2028, MP49-P-0592, MP20-ZL-4669, UP65-KT-1033, MP17-P-1440, MP17-P-0719, MP17-ZP-3111, MP20-PA-1986 एवं MP20-ZS-9563।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व एआरटीओ संतोष पाल ने किया। उनके साथ संभागीय सुरक्षा स्क्वायड प्रभारी राजेंद्र साहू, परिवहन उप निरीक्षक अक्षय पटेल, परिवहन उप निरीक्षक एस.एन. भांगरे, शंकर प्रसाद झारिया और धीरेंद्र लोहिया भी मौजूद रहे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एआरटीओ संतोष पाल ने बताया कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने बस संचालकों से अपील की कि वे सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।