जबलपुर: शॉप से लाखों के मोबाइल चोरी का खुलासा, कर्मचारी साहिल साहू गिरफ्तार !

Spread the love

जबलपुर गढ़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक शॉप से लाखों रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक आर्टिकल चोरी होने के मामले का जबलपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान में काम करने वाले 23 वर्षीय कर्मचारी साहिल साहू को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी गए महंगे मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी के खिलाफ धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

गढ़ा थाना पुलिस के अनुसार, साहिल साहू शारदा चौक का निवासी है और एक ई-कॉमर्स कंपनी के हब में हब एसोसिएट के पद पर कार्यरत था। शिकायत कंपनी की ओर से सीनियर टीम लीडर रीतेश यादव ने दर्ज कराई थी।

कैसे हो रही थी चोरी
शिकायत में बताया गया कि कस्टमर द्वारा कैंसिल किए गए सामान को जबलपुर हब से मुख्य कार्यालय इंदौर भेजा जाता था। इस दौरान कंपनी ने मेल के जरिए नोटिस दिया कि शिपमेंट में पैकेज कम पहुंचे हैं। रिकॉर्ड मिलान पर पता चला कि 30 जुलाई 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच आईफोन, एंड्रॉइड मोबाइल और ब्रेसलेट समेत करीब 7 लाख रुपए के 15 कीमती आर्टिकल गायब थे।

CCTV में कैद हुआ आरोपी
गढ़ा थाना पुलिस ने शॉप और हब में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में कर्मचारी साहिल साहू को शिपमेंट बैग से कीमती सामान चोरी करते हुए देखा गया। आरोपी की जिम्मेदारी ऑफिस खोलना, शिपमेंट अनलोड कराना और रिप्लेसमेंट सामान वापस भेजना थी।

पूछताछ में कबूली चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की पूरी घटना स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से 6 आईफोन और 1 अन्य मोबाइल फोन कीमत करीब 6 लाख रुपए बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि वह इन महंगे मोबाइल को चोरी कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था।

पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामकरण मिश्रा, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, आरक्षक शैलेन्द्र, हेमंत पटेल, सिद्धार्थ तिवारी और महिला आरक्षक पूनम की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शेष चोरी के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद कर पूरे मामले का सफल खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *