जरूरतमंद बच्चों को मिली शिक्षा की सौगात, प्रधानमंत्री कॉलेज मकरोनिया बुजुर्ग में निशुल्क एग्जाम किट वितरण कार्यक्रम संपन्न !

Spread the love

सागर, 08 अक्टूबर 2025 – सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग में एक सराहनीय पहल के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) छात्रा इकाई द्वारा बड़तूमा प्राथमिक विद्यालय के लगभग 125 जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क एग्जाम किट एवं स्टेशनरी वितरित की गई।

यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सहयोग का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा-भावना को प्रोत्साहित करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में किया गया, जहां विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए आवश्यक सामग्री जैसे पेन, पेंसिल, रबर, स्केल, शार्पनर, कॉपी आदि वितरित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि दान केवल वस्तु का नहीं, बल्कि सहयोग, करुणा और मानवता की भावना का प्रतीक है। उन्होंने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में आशा की किरण जगाते हैं।

जनभागीदारी अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन एवं प्राथमिक विद्यालय बड़तूमा के प्राचार्य श्री उमाकांत दुबे ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों व स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की सामाजिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, नेतृत्व और सेवा की भावना का विकास करती हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *