जलकर वसूली के लिए नगरपालिका का विशेष अभियान, डेढ़ माह में 1 करोड़ वसूले !

Spread the love

नगर। शहरवासियों पर बकाया जलकर की वसूली के लिए नगरपालिका द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शहर में लंबे समय से लंबित जलकर वसूली 3 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक हो चुकी है। बीते करीब डेढ़ माह में नगरपालिका ने सख्ती दिखाते हुए एक करोड़ रुपए से अधिक की वसूली कर ली है, लेकिन इसके बावजूद अब भी करीब ढाई करोड़ रुपए जलकर के रूप में बकाया हैं। बकाया वसूली को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) राहुल कौरव स्वयं मैदान में उतर आए हैं और टीम के साथ घर-घर पहुंचकर बकायादारों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

बकायादारों के घर पहुंचकर हो रही कार्रवाई

शनिवार को सीएमओ राहुल कौरव ने राजस्व टीम के साथ वीर सावरकर वार्ड, कानूनगो वार्ड और गांधी वार्ड में बड़े बकायादारों के घरों पर दस्तक दी। इस दौरान जिन उपभोक्ताओं ने वर्षों से जलकर जमा नहीं किया था, उनसे बकाया न जमा करने का कारण पूछा गया। कार्रवाई के दौरान दो बकायादारों के नल कनेक्शन काटे गए, जबकि पांच अन्य लोगों को एक सप्ताह के भीतर बकाया जलकर जमा करने की सख्त चेतावनी दी गई।

30 हजार बकाया पर नल कनेक्शन काटा

विशेष अभियान के तहत स्टेशन रोड स्थित निर्मल कुमार समैया पर 30 हजार रुपए का जलकर बकाया पाए जाने पर उनका नल कनेक्शन काट दिया गया। इसके अलावा समैया धर्मशाला के पदाधिकारियों को भी जल्द से जल्द बकाया जलकर जमा करने के निर्देश दिए गए। वहीं राधा होटल संचालक को सात दिन के भीतर जलकर जमा करने की चेतावनी दी गई है। सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा में कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में 10,900 नल कनेक्शन, वर्षों से नहीं जमा कर

नगरपालिका के अनुसार शहर में कुल 10,900 नल कनेक्शन हैं। इनमें से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने वर्षों से जलकर जमा नहीं किया है, जिसके कारण जलकर का बकाया लगातार बढ़ता गया। बकाया वसूली के लिए सीएमओ के निर्देश पर कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो वार्डवार बकायादारों की सूची के आधार पर वसूली कर रही हैं। हालांकि शेष राशि की वसूली में कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसी कारण अब बड़े बकायादारों पर सीधी कार्रवाई की जा रही है।

जलकर के साथ संपत्तिकर की भी वसूली

विशेष अभियान के दौरान जलकर के साथ-साथ संपत्तिकर की भी वसूली की जा रही है। नगरपालिका के अनुसार शहर में हजारों लोगों ने लंबे समय से संपत्तिकर जमा नहीं किया है, जिससे संपत्तिकर का बकाया करीब 5 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। इसके लिए वार्डवार बकायादारों की सूची तैयार कर सख्ती से वसूली की जा रही है।

कर वसूली से विकास कार्यों को मिलेगी गति

सीएमओ राहुल कौरव ने बताया कि यदि बकाया जलकर और संपत्तिकर की वसूली हो जाती है, तो नगरपालिका की आय में वृद्धि होगी और शहर में निकाय निधि से किए जाने वाले विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि कर वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो उपभोक्ता कर जमा नहीं करेंगे, उनके कनेक्शन काटने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *