सागर जिले के सिद्धगुआं ग्राम में आयोजित ग्रामसभा में कलेक्टर संदीप जीआर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जल संरक्षण, शिक्षा और कृषि प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान विकास शाहवाल (पुलिस अधीक्षक), विवेक केवी (जिला पंचायत सीईओ), अमन मिश्रा, रुद्र प्रताप सिंह सहित पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जल संरक्षण पर दिया जोर
कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि तालाब, कुएं और अन्य जल संरचनाओं में वर्षा जल संग्रहित कर जल संकट से निपटा जा सकता है। साथ ही “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए पंचायत स्तर पर शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।

शिक्षा पर जोर, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की अपील
कलेक्टर संदीप जीआर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, ताकि गांव के बच्चे भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बन सकें।
किसानों को नरवाई न जलाने की सलाह

ग्रामसभा में किसानों से रबी फसलों और सिंचाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने नरवाई (फसल अवशेष) न जलाने की अपील की। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और मल्चर जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर नरवाई का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है।
कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए कलेक्टर ने आश्वासन दिया।