इंदौर। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शुक्रवार को मैदान में उतरे। अधिकारियों ने रीगल चौराहे पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्रोन कैमरे से पूरे चौराहे की वीडियोग्राफी कराई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रीगल चौराहे पर लेफ्ट टर्न, रोटरी और सड़कों की चौड़ाई को टेप से नापा। साथ ही यह भी देखा गया कि किन स्थानों पर ट्रैफिक कंजेशन ज्यादा हो रहा है और वहां किन सुधारों की जरूरत है।
डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी ने बताया कि इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन सभी स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां बार-बार जाम की स्थिति बनती है। इसी कड़ी में आज रीगल चौराहे का निरीक्षण किया गया है। लेफ्ट टर्न और रोटरी की स्थिति का अध्ययन किया गया है, ताकि यातायात को सुगम बनाया जा सके।


उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद एक विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे संबंधित विभागों को भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार किए जा सकें।
डीसीपी ने यह भी बताया कि आने वाले एक महीने में ट्रैफिक पुलिस शहर के 10 से 15 प्रमुख चौराहों और सड़कों का निरीक्षण करेगी। ड्रोन कैमरों से वीडियो बनाए जाएंगे और सड़क की चौड़ाई, लेफ्ट टर्न और रोटरी की मौजूदा स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर यातायात सुधार की योजना तैयार कर इसे समय-समय पर अपडेट किया जाएगा।
शहर में कई स्थानों पर जाम की गंभीर समस्या के चलते आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस का यह कदम जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।