सागर, 10 सितम्बर 2025।
कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देशन में आज तहसील कार्यालय जैसीनगर में आरआरसी रिकवरी कैंप का आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप की अध्यक्षता तहसीलदार श्री हरीश ललवानी ने की। कैंप का मुख्य उद्देश्य सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जैसीनगर शाखा के बकायादारों से बकाया राशि की वसूली एवं ऋण समझौता सुनिश्चित करना था।

195 बकायादारों को नोटिस, 80 पहुंचे कैंप
इस शिविर के तहत बैंक द्वारा 195 बकायादारों को आरआरसी नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से लगभग 80 बकायादार कैंप में उपस्थित हुए। इनमें से 26 बकायादारों ने मौके पर ही 1,75,000 रुपए की राशि जमा कर बैंक से ऋण समझौता करने पर सहमति जताई।
समय सीमा में भुगतान करने की अपील
कैंप में कई बकायादारों ने तत्काल भुगतान करने में असमर्थता जताई और भुगतान के लिए समय मांगा, जिसे बैंक द्वारा सहमति प्रदान की गई। तहसीलदार श्री ललवानी ने सभी उपस्थित लोगों को समझाइश दी कि वे निर्धारित समय सीमा में बकाया राशि चुकता करें, अन्यथा वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
बकायादारों को यह भी बताया गया कि नोटिस प्राप्ति के 7 दिवस के भीतर बैंक से संपर्क करें। समय-सीमा में भुगतान करने पर उन्हें समझौता योजना में छूट और अन्य रियायतों का लाभ मिल सकता है, जबकि निर्धारित अवधि में भुगतान न करने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बकायादार की होगी।

शाखा प्रबंधक ने दी जानकारी
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया जैसीनगर शाखा प्रबंधक श्री निर्शात जैन ने बकायादारों को संबोधित करते हुए कहा कि समय पर ऋण अदायगी करने से क्रेडिट रिपोर्ट (CIBIL रिपोर्ट) संतुलित रहती है, जिसका लाभ भविष्य में सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं के लिए पात्रता प्राप्त करने में होगा।
उन्होंने कहा कि बैंक सदैव किसानों और आम उपभोक्ताओं के हित में योजनाएं चलाता है, किंतु बकाया राशि का समय पर भुगतान करना भी सभी की जिम्मेदारी है।

प्रशासन और बैंक का आभार
कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक सहित बैंक स्टाफ ने तहसीलदार श्री ललवानी एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंप से जनजागरूकता बढ़ती है और बैंक-बकायादारों के बीच विश्वास का माहौल बनता है।