विजयदशमी के पावन पर्व पर सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर में इस वर्ष भी प्रतिवर्ष की भांति भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। काली कमेटी जैसीनगर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन आगामी 2 अक्टूबर, गुरुवार को शाम 6 बजे ग्राउंड मैदान में होगा। यह परंपरा पिछले 26 वर्षों से निरंतर जारी है और सामाजिक एकता व धार्मिक उत्साह का प्रतीक बन चुकी है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आर्केस्ट्रा कलाकारों द्वारा मनमोहक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो वातावरण को भक्तिमय बना देगी।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें। साथ ही विजयदशमी के अवसर पर समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक उत्सवधर्मिता को भी सशक्त करता है।
जैसीनगर का यह रावण दहन न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे जिले में अपनी पहचान बना चुका है, जहां हर वर्ग और हर समुदाय के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। इस वर्ष भी आयोजन की भव्यता और गरिमा बनाए रखने की पूरी तैयारी की गई है।