झांसी गेट ओवरब्रिज के नीचे सब्जी-फल विक्रेताओं को 68 ब्लॉक आवंटित, अतिक्रमण हटाने की पहल तेज !

Spread the love

बीना शहर में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका ने बड़ा कदम उठाया है। झांसी गेट ओवरब्रिज के नीचे सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए कुल 68 ब्लॉक आवंटित किए गए हैं। नगर पालिका द्वारा महावीर चौक, गांधी चौराहा, बड़ी बजरिया और अंबेडकर तिराहे क्षेत्र में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को इन ब्लॉकों में व्यवसाय करने की अनुमति दी गई है।

मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) राहुल कौरव ने बताया कि सब्जी और फल विक्रेताओं को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया रविवार से विधिवत रूप से शुरू कर दी जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करना और आम नागरिकों को राहत देना है।

नगर पालिका द्वारा इससे पहले भी सर्वोदय चौराहे से पुलिस थाना और अंबेडकर तिराहे तक सड़क किनारे दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को खुरई रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे स्थानांतरित किया जा चुका है। वहां आवंटित दुकानों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि दोबारा अतिक्रमण की स्थिति न बने।

इसी क्रम में अब गांधी चौराहा, महावीर चौक, बड़ी बजरिया और अंबेडकर तिराहे के दुकानदारों को झांसी गेट ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट किया जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर, शहर के सर्वोदय चौराहे पर नाली निर्माण का कार्य लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कार्य की गति धीमी होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल केवल पाइप डालने का कार्य ही पूरा हो सका है।

शनिवार शाम को सीएमओ राहुल कौरव ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा नाली निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *