खुरई के बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झीकनी से पांच दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव गुरुवार को गांव के पास स्थित एक खेत में बने कुएं में संदिग्ध हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुराने नेशनल हाईवे-26 पर स्थित बांदरी के बंडा तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
9 जनवरी से था लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार झीकनी निवासी राजीव मडोतिया 9 जनवरी की शाम अपने घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही गांव के पास नीलेश राय की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई। फुटेज में राजीव 9 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे पैदल जाते हुए दिखाई दिए थे।

इसके बाद परिजनों ने 10 जनवरी को बांदरी थाने में राजीव के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पांच दिन बाद कुएं में मिला शव
लापता होने के पांच दिन बाद गुरुवार को गांव के पास ही स्थित एक खेत में बने कुएं में राजीव मडोतिया का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही बांदरी थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
खेत में मिले जूते, मारपीट की आशंका
मृतक के भाई अरुण कुमार ने बताया कि जांच के दौरान दुकान के पीछे स्थित एक खेत में राजीव के जूते मिले थे। खेत की फसल भी कुचली हुई थी, जिससे वहां मारपीट या संघर्ष जैसी घटना होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही संदेह था कि राजीव के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है।

अरुण कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले उन्होंने सागर एसपी को ज्ञापन देकर पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और राजीव की तलाश तेज करने की मांग भी की थी।
हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि राजीव की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उनका कहना है कि उन्हें शक था कि शव कुएं में हो सकता है, इसलिए दो दिन पहले कुएं का काफी पानी खाली भी कराया गया था, लेकिन उस समय शव नहीं मिला। यदि शव पहले से कुएं में होता तो पांच दिन में ऊपर आ जाना चाहिए था। ऐसे में अचानक शव का मिलना संदेह पैदा करता है।

बंडा तिराहे पर चक्काजाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बांदरी के बंडा तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और पत्नी व दो बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी प्रशासन उठाए।
मौके पर पहुंचा पुलिस बल
चक्काजाम की सूचना मिलते ही खुरई एसडीओपी सचिन परते, बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत, खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।