टीकमगढ़।
जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार देर रात एक दलित महिला की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और पूरी घटना बताई। पुलिस ने आरोपी की पहचान उवैस खान के रूप में की है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 351(3) तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी फरार, तलाश जारी
मामले की जांच कर रहे एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। आरोपी को जल्द हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

लगातार दूसरे दिन दर्ज हुआ मामला
गौरतलब है कि इसके एक दिन पहले ही कोतवाली पुलिस ने एक महिला से दुष्कर्म के मामले में सब्जी विक्रेता असलम खान के खिलाफ केस दर्ज किया था। लगातार दो दिनों से सामने आ रहे ऐसे मामलों ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का हंगामा
घटना की जानकारी लगते ही बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार हो रहे अपराधों से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल है। यदि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीयों में आक्रोश और चिंता
लगातार दो दिनों में महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होने से आमजन में भारी आक्रोश है। लोग कह रहे हैं कि ऐसे अपराधियों पर नकेल कसना बेहद जरूरी है, ताकि समाज में भय का माहौल खत्म हो और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।