टीकमगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लिधोरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में की गई, जो जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण नियंत्रण के उद्देश्य से निरंतर अभियान चला रहे हैं।
अंबेडकर चौक पर रोकी गई वैन, 180 लीटर देशी शराब बरामद
लिधोरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक मारुति वैन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंबेडकर चौक पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP95C4603 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से 180 लीटर देशी शराब बरामद हुई, जिसकी बाज़ार कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मौके से वाहन में सवार दो तस्करों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल अहिरवार (उम्र 29 वर्ष), निवासी गांव जेरोन, जिला निवाड़ी एवं सुजान यादव (उम्र 36 वर्ष), निवासी गांव हथेरी, जिला टीकमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹1.65 लाख
पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध शराब के साथ-साथ लगभग ₹90 हजार रुपए मूल्य की मारुति वैन और ₹5 हजार रुपये मूल्य का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस तरह कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹1 लाख 65 हजार रुपए बताई जा रही है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लिधोरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और किन्हें सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधीक्षक ने दी सख्त कार्रवाई के संकेत
इस सफलता पर टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस सतर्क है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।