डिंडोरी जिले में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर तालाब में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना समनापुर थाना क्षेत्र के मुड़की गांव में हुई, जहां 8 वर्षीय दिव्यांग भूपेंद्र मालवे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह माता-पिता खेत में धान का रोपा लगाने गए थे। घर पर भूपेंद्र अपने छोटे भाई विक्रांत के साथ था। जब दोपहर में परिजन लौटे तो भूपेंद्र लापता मिला। परिजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव के तालाब में भूपेंद्र का शव देखा गया, जिससे गांव में मातम छा गया।

दूसरी घटना शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई। 65 वर्षीय मतवर सिंह अपनी पत्नी के साथ मवेशी चराने निकले थे। गांव के बाहर तालाब में बछड़े को नहलाते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। पत्नी ने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, मतवर सिंह की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामलों की जांच जारी है। घटनाओं से गांवों में शोक की लहर है।
Ask ChatGPT