सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 फरवरी 2026, गुरुवार को सागर जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सागर जिले की रहली तहसील अंतर्गत गढ़ाकोटा में आयोजित पारंपरिक रहस मेले के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम
प्राप्त कार्यक्रमानुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 3:30 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और सायं 4:05 बजे गढ़ाकोटा हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेकर रहस मेले का शुभारंभ करेंगे तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट करेंगे।
कार्यक्रम उपरांत वे सायं 5:10 बजे गढ़ाकोटा से हेलीकॉप्टर द्वारा पुनः डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर के लिए रवाना होंगे।
रहस मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक प्रमुख आयोजन है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु एवं नागरिक शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को दृष्टिगत रखते हुए सागर कलेक्टर श्री संदीप जी आर द्वारा विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्खनन कार्यों पर अस्थायी प्रतिबंध
दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाओं के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 25 फरवरी 2026 से कार्यक्रम समाप्ति तक जिले के विभिन्न मार्गों एवं क्षेत्रों में भूमि उत्खनन संबंधी कार्यों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रतिबंधित मार्गों में प्रमुख रूप से सागर-बण्डा-शाहगढ़-हीरापुर-बड़ा मलहरा-छतरपुर, सागर-सीहोरा-राहतगढ़-ग्यारसपुर-विदिशा, सागर-परसोरिया-गढ़ाकोटा-दमोह, सागर-रहली-गढ़ाकोटा-पथरिया-दमोह, सागर-नरयावली-जरूआखेड़ा-खुरई-बीना-मेहलुवा मार्ग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अनुभाग सागर, खुरई, बीना, बण्डा, रहली, देवरी, राहतगढ़, मालथौन एवं जैसीनगर क्षेत्र में भी उत्खनन कार्य प्रतिबंधित रहेंगे।
हालांकि आवश्यक सेवाओं के रखरखाव या मरम्मत के लिए एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, एमपीईबी, सेतु निर्माण, स्मार्ट सिटी, आरएडीए, नगरीय निकाय, जल संसाधन विभाग, ग्राम पंचायत एवं दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से पूर्व स्वीकृति लेकर कार्य करने की अनुमति होगी।
गढ़ाकोटा में ड्रोन व उड़ान गतिविधियों पर रोक
कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सागर के प्रस्ताव पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
इसके अंतर्गत 25 फरवरी 2026 की रात्रि 8:00 बजे से 26 फरवरी 2026 की रात्रि 10:00 बजे (कार्यक्रम समाप्ति तक) ग्राम/कस्बा गढ़ाकोटा एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून तथा अन्य किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है।