सागर। शहर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ युवाओं की भीड़ ने विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के साथ मारपीट कर दी, जिसमें चार छात्र घायल हो गए। घायलों ने सिविल लाइन थाना सागर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेड़ के नीचे खड़े युवकों ने किया हमला
पुलिस के अनुसार फरियादी हरि अय्यप्पन (21), निवासी केरल, वर्तमान में विवेकानंद हॉस्टल में रहकर बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि सोमवार को वे अपने साथियों—बिट्टू महतो, नारायण शुक्ला, सुखचंद यादव और अकित शाह—के साथ प्रोफेसर से मुलाकात के बाद सुरक्षा अधिकारी से मिलने जा रहे थे।

अभिमंच सभागार के सामने से गुजरते समय सड़क किनारे पेड़ के नीचे खड़े कुछ युवकों ने अचानक गाली-गलौज करते हुए प्लास्टिक पाइप और डंडों से हमला कर दिया। हमले में हरि, नारायण और सुखचंद सहित अन्य छात्रों को चोटें आईं। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद हमलावर युवक फरार हो गए।
आठ-नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
छात्र की शिकायत पर पुलिस ने कपिल स्वामी, अविनाश गुप्ता सहित 8 से 9 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
संगठनात्मक कार्यक्रम को लेकर विवाद
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन) से जुड़े छात्र बिट्टू महतो ने आरोप लगाया कि 20 फरवरी को संगठन की यूनिट गठन के लिए कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई के दौरान कुछ युवकों ने पोस्टर-बैनर फाड़ दिए और मारपीट की।

छात्रों का कहना है कि इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रबंधन को शिकायत दी गई थी और सोमवार को वे उसी मामले में सुरक्षा अधिकारी से मिलने जा रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर विश्वविद्यालय का माहौल बिगाड़ने जैसे निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घायल छात्रों का मेडिकल परीक्षण कराकर उपचार कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है।