तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल; आरोपी चालक मौके से फरार !

Spread the love

खुरई। गुरुवार रात खिमलासा रोड पर धांगर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सहोद्रा राय वार्ड निवासी ऑटो चालक राजेंद्र बंसल (50) धांगर गांव से सवारियों को छोड़कर अपने ऑटो से खुरई की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान खुरई से खिमलासा की तरफ तेज गति से जा रही एक कार ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक की मदद की। इसी बीच ऑटो संघ के अध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव को भी घटना की सूचना दी गई।

सोनू श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल ऑटो चालक राजेंद्र बंसल को उपचार के लिए खुरई के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।

घटना की सूचना शहरी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *