पिता-पुत्री समेत तीन घायल, चालक फरार
सागर। रहली थाना क्षेत्र के ग्राम परासिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोनू पिता नन्हेंभाई अहिरवार (26 वर्ष) निवासी कांसखेड़ा देवरी, अपने मामा के बेटे हिम्मू पिता मुकेश अहिरवार, निवासी नंदरई (जिला दमोह) के साथ बाइक से रिश्तेदार के घर रहली आया था। सोमवार को दोनों बाइक से रहली से देवरी की ओर जा रहे थे।

जब वे ग्राम परासिया के प्रतिक्षालय के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर क्रमांक एमपी 15 जी 4505 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे चल रही दूसरी बाइक भी डंपर की चपेट में आ गई।
युवक की मौके पर मौत
हादसे में बाइक सवार हिम्मू अहिरवार सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान डंपर का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास के लोगों की रूह कांप उठी।
तीन घायल, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना में मोनू अहिरवार के अलावा दूसरी बाइक पर सवार सतीश कटारे और उनकी बेटी आकांक्षा कटारे घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कार्रवाई

सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल रहली अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल सतीश कटारे की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतक हिम्मू अहिरवार के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में डंपर को जब्त कर लिया गया है, जबकि डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
गांव में शोक का माहौल
युवक की असमय मौत से मृतक के गांव और परिजनों में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।