अशोकनगर के तूमैन गांव में त्रिवेणी नदी के संगम पर सोमवार को श्रावण मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर कावड़ भरने आए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान दियाधरी गांव के सौरभ लोधी (16) और आरूषी साहू (9) के रूप में हुई है।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब दोनों बच्चे अपने परिवार के साथ नदी में कावड़ भरने आए थे। अचानक गहरे पानी में फंसने से वे डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कचनार टीआई पूनम सेलर और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बच्चों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी की गहराई के कारण बचाव में देरी हुई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोकनगर एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव और तहसीलदार शंभू मीणा भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एसडीईआरएफ की नियमित तैनाती की मांग की है।