दतिया के गोराघाट थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ !

Spread the love

दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र में ग्वालियर–झांसी नेशनल हाईवे पुल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे तीन लोगों से जा टकराया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दतिया पहुंचाया गया, जहां से बाइक सवार युवक को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।


🚑 बस का इंतजार कर रहे थे तीन लोग

जानकारी के अनुसार, झांसी के 344 इकाई प्रेमनगर निवासी 45 वर्षीय भारती पत्नी सीताराम, उनकी 13 वर्षीय बेटी कृतिका और 10 वर्षीय बेटा सीताराम गुरुवार शाम गोराघाट क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

शुक्रवार सुबह वे ग्वालियर–झांसी हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे थे, ताकि वापस अपने घर जा सकें।


🚗 पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर

इसी दौरान सिजोरा निवासी सत्येंद्र रावत (पुत्र देवेंद्र) बाइक से जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही सत्येंद्र का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों से टकरा गई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।


🏥 ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत

मौके पर मौजूद डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सत्येंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अन्य तीन घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।


👨‍👩‍👧‍👦 किराए से रहकर करता था काम

पुलिस के अनुसार, मृतक सत्येंद्र मूल रूप से ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। वह सिजोरा गांव का निवासी था, लेकिन काम के सिलसिले में गोराघाट में किराए के मकान में रह रहा था और परिवार की आजीविका चला रहा था।


🚔 पुलिस जांच में जुटी

गोराघाट थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *