दतिया के गोराघाट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई !

Spread the love

दतिया। जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी-ग्वालियर हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसा सीतापुर गांव के पास उस समय हुआ, जब महिला भाईदूज के मौके पर अपने भाई को तिलक लगाकर वापस घर लौट रही थी।

पुलिस के अनुसार कटापुर निवासी साक्षी गुप्ता (27) पत्नी रोहित गुप्ता भाईदूज के अवसर पर अपने भाई अर्पित गुप्ता को तिलक लगाने के लिए सीतापुर गांव गई थी। तिलक कार्यक्रम के बाद रात में दोनों भाई-बहन स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान झांसी-ग्वालियर हाईवे पर सीतापुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में साक्षी गुप्ता को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं स्कूटी चला रहे उनके भाई अर्पित गुप्ता भी इस हादसे में घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतका साक्षी गुप्ता का एक सात साल का बेटा भी है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया। भाईदूज के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गोराघाट थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है, साथ ही आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *