दतिया। जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उससे जबरन नेताओं के समर्थन में नारे लगवाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार कमथरा गांव निवासी 27 वर्षीय लोकेन्द्र अहिरवार ने बड़ौनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि 20 जनवरी की शाम करीब 7 बजे राजा उर्फ धर्मेश अहिरवार और उसके साथियों ने उससे किसी पार्टी के लिए पैसे की मांग की थी।
जब लोकेन्द्र ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उससे विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उसे जबरन पकड़कर गांव के पास चंद्रप्रकाश अहिरवार के खेत में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
जबरन लगवाए नारे और बनाया वीडियो

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने मारपीट करने के बाद उससे कुछ नेताओं के समर्थन में जबरन नारे लगवाए। इस दौरान उन्होंने उसका वीडियो भी बना लिया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे युवक को काफी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथी 25 वर्षीय अंकुश अहिरवार, निवासी नौनेर, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।