दतिया के राधासागर तालाब के पास रहवासियों ने चक्काजाम किया !

Spread the love

दतिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राधासागर तालाब के सामने शुक्रवार दोपहर उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब स्थानीय रहवासियों ने सिटी हाईवे पर चक्काजाम कर सड़क निर्माण कार्य रुकवा दिया। लोगों का आरोप है कि वर्षों से जाम पड़े पानी निकासी पाइप बदले बिना नई सड़क बिछाई जा रही है, जिससे बरसात में आधे शहर का पानी उनके घरों में घुस जाता है।

सड़क पर उतरे लोग, झाड़ियां डालकर रोका यातायात

आक्रोशित रहवासियों ने सड़क के दोनों ओर झाड़ियां डालकर यातायात बाधित करने की कोशिश की। उनका कहना है कि राधासागर के पास खाई में पानी निकासी के लिए हाईवे के नीचे डाले गए पाइप पूरी तरह चोक हो चुके हैं और वर्षों से उनकी सफाई तक नहीं हुई।

लोगों के मुताबिक, तेज बारिश होते ही पानी का बहाव रुक जाता है और वह सीधे उनके घरों में भरने लगता है।

पिछली बारिश में भारी नुकसान

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछली बारिश में घरों का सामान खराब हो गया था। कई परिवारों का गेहूं भीगकर सड़ गया। मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने तक की जगह नहीं बची। जलभराव के कारण बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई बार दे चुके हैं आवेदन

रहवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार नगर पालिका में आवेदन दे चुके हैं। अधिकारियों ने पाइप बदलने और निकासी व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इसी मांग को लेकर चक्काजाम कर सड़क निर्माण रुकवाया गया था, ताकि पहले निकासी पाइप डाले जा सकें।

पुलिस की समझाइश के बाद माने लोग

चक्काजाम की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का भरोसा दिलाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और यातायात बहाल किया गया।

समाधान की मांग तेज

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निकासी पाइप बदलने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *