दतिया में घने कोहरे का असर, दृश्यता 100 मीटर !

Spread the love

दतिया। बुधवार को एक बार फिर दतिया शहर और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह के समय कोहरा इतना घना रहा कि दृश्यता मात्र 100 मीटर तक सिमट गई। सड़कों पर वाहन चालकों को खासा सतर्क होकर चलना पड़ा, वहीं सुबह की गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

सुबह करीब 8.30 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटना शुरू हुआ, जिसके बाद तेज धूप निकल आई। धूप खिलने के साथ ही मौसम साफ हो गया और पूरे दिन आसमान खुला रहा। इसका सीधा असर दिन के तापमान पर पड़ा और अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रात भी रही अपेक्षाकृत गर्म

कोहरे और बदले मौसम के बीच बुधवार की रात भी अपेक्षाकृत गर्म रही। न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो फरवरी माह के अब तक के चार दिनों में सबसे गर्म रात मानी जा रही है। इससे पहले मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

आज भी घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग भोपाल की वैज्ञानिक दिव्या ई. सुरेन्द्रन के अनुसार, गुरुवार को भी दतिया में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

तापमान में बना रहेगा उतार-चढ़ाव

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवाओं के रुख में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। सुबह और देर रात हल्की ठंड का अहसास रहेगा, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस होगी।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर हाईवे और खुले इलाकों में दृश्यता कम रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *