दतिया। दतिया जिले के धीरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिझारपुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। देर रात मृतक की पहचान रवि वाल्मीक पुत्र रमेश वाल्मीक, निवासी ग्राम बनौली के रूप में हुई।
दिल्ली से लौटा था, चार दिन बाद हादसा
परिजनों के अनुसार रवि वाल्मीक दिल्ली में मजदूरी करता था और 17 फरवरी को ही अपने गांव बनौली लौटा था। गुरुवार शाम वह मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन देर रात उसका शव सड़क किनारे मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
नंबर प्लेट ने खड़ा किया बड़ा सवाल
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस मोटरसाइकिल पर रवि सवार था, उस पर दूसरी बाइक की नंबर प्लेट लगी हुई थी। जब पुलिस ने नंबर की जांच की तो वह नंबर सरसई थाना क्षेत्र में पंजीकृत पाया गया।
संबंधित वाहन मालिक से संपर्क करने पर उसने बताया कि उसकी बाइक सुरक्षित उसके पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने जब्त बाइक की वैधानिक स्थिति और असली नंबर की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन से टक्कर की आशंका

थाना प्रभारी भूपेंद्र जाट के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात वाहन से टक्कर का प्रतीत हो रहा है। संभवतः तेज रफ्तार किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।
शादी में मिली थी बाइक
मृतक के परिजनों ने बताया कि रवि को यह मोटरसाइकिल शादी में मिली थी। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं होने के कारण वह पुलिस चेकिंग से बचने के लिए किसी अन्य वाहन की नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था।
परिजनों का कहना है कि रवि हादसे वाली जगह तक कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
हर पहलू से जांच
पुलिस अब दो बिंदुओं पर जांच कर रही है—
- हादसा महज सड़क दुर्घटना है या इसमें कोई अन्य कारण शामिल है।
- बाइक की असली पहचान और नंबर प्लेट बदलने के पीछे की पूरी स्थिति क्या थी।
घटना के बाद गांव बनौली में शोक का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।