दतिया रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात युवक की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना स्टेशन से कुछ दूरी पर घटित हुई, लेकिन युवक का शव मालगाड़ी में फंसा हुआ दतिया रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। शव की स्थिति देख मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (रेलवे पुलिस) तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को मालगाड़ी से अलग कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मौके से मिले निजी सामान
पुलिस को घटनास्थल और शव के पास से मृतक के जूते और अन्य निजी सामान बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा युवक का एक मोबाइल फोन भी मिला है, जो हादसे में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुलिस मोबाइल की सिम के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

शिनाख्त न होने से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि युवक की पहचान की जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रेलवे पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।