दतिया हाईवे पर बड़ा हादसा, गाय को बचाने में पलटा ट्रक, घंटों जाम से जूझते रहे वाहन

Spread the love

दतिया जिले के ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हड़ा पहाड़ के पास करीब 2 बजे एक भारी ट्रक अचानक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक एचआर 45 सी 7322 को अमेठी निवासी चालक गौरव सिंह चला रहा था। वह सतना से बिजली कंपनी की केबल लेकर राजस्थान के नीमराना जा रहा था। ट्रक में लाखों रुपए की भारी-भरकम केबल लोड थी। जैसे ही ट्रक हड़ा पहाड़ के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर गाय आ गई। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाने और स्टीयरिंग मोड़कर गाय को बचाने की कोशिश की। गाय तो बच गई, लेकिन तेज रफ्तार और भारी वजन के कारण ट्रक असंतुलित होकर हाईवे की दोनों लेनों पर पलट गया।

हादसे के बाद पूरा हाईवे जाम हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। गर्मी और धूप के बीच ट्रैफिक में फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री वाहन और ट्रक कई किलोमीटर तक रुके रहे। लोगों में इस बात की चर्चा रही कि यदि चालक की सूझबूझ से गाय बची, लेकिन ट्रक पलटने से कितनी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

सूचना मिलते ही एनएचआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर साइड में हटवाया गया, तब जाकर करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया।

गांववालों और राहगीरों का कहना है कि हड़ा पहाड़ के आसपास अकसर पशु अचानक सड़क पर आ जाते हैं। पहले भी यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। लोगों ने मांग की है कि इस क्षेत्र में पशु पकड़ने और नियंत्रित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *