दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने चंदना गांव में लगाई रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर सुनीं !

Spread the love

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत चंदना गांव में सोमवार देर रात जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस जन चौपाल में आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर मौजूद तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में तेंदूखेड़ा एसडीएम सौरव गंधर्व सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। चौपाल में हर्रई सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण शामिल हुए।

सड़क, पानी और स्कूल आवागमन की समस्याएं प्रमुख

ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने सड़क की खराब स्थिति, पेयजल संकट, हैंडपंप खराब होने, तथा विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली दिक्कतों जैसी मूलभूत समस्याएं रखीं। कई ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

मौके से ही अधिकारियों को फोन, दिए समाधान के निर्देश

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने चौपाल के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके से ही फोन कर समस्याओं की जानकारी दी और जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण को लेकर कार्ययोजना की जानकारी दी और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

देर रात तक चली चौपाल, दिखी ग्रामीणों की भारी भीड़

देर रात तक चली इस रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने कलेक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार प्रशासन सीधे गांव में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है।

नियमित रूप से लगाई जा रही हैं रात्रि चौपालें: कलेक्टर

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से रात्रि चौपालों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में चंदना गांव में जन चौपाल लगाई गई, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *