दमोह/हटा।
दमोह जिले के हटा सिविल अस्पताल में बुधवार रात मरीजों के परिजनों को कंबल वितरित किए गए। यह पहल अस्पताल के बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल की मांग और हटा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी की सक्रियता से संभव हुई।
मरीजों के परिजन ठंड से परेशान
बीएमओ डॉ. पटेल ने बताया कि ग्रामीण अंचलों से अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। मरीजों को अस्पताल की ओर से कंबल और गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जाते हैं, लेकिन उनके परिजन ठंड में परेशान रहते हैं। इस स्थिति की जानकारी उन्होंने थाना प्रभारी सुधीर बेगी को दी, ताकि कोई समाधान निकाला जा सके।

समाजसेवी सुनील राय का योगदान
हटा के समाजसेवी सुनील राय ने अपने पिता इमरत लाल राय की स्मृति में अस्पताल में कंबल दान करने का निर्णय लिया। इसके बाद जबलपुर से कंबल खरीदे गए और बुधवार रात हटा सिविल अस्पताल में मरीजों के परिजनों को वितरित किए गए।
सुधीर बेगी ने बताया कि डॉ. पटेल द्वारा समस्या बताने के बाद यह निर्णय लिया गया और कंबल वितरण का उद्देश्य परिजनों को भीषण ठंड से राहत दिलाना था।

बीएमओ ने भी किया वितरण
कंबल वितरण में बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल ने भी हिस्सा लिया और स्वयं मरीजों के परिजनों को कंबल बांटे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल रोगियों और उनके परिवारों की देखभाल में सहायक होती है और सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देती है।
परिजन खुश, ठंड में मिली राहत
कंबल पाकर मरीजों के परिजन काफी खुश नजर आए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और समाजसेवी सुनील राय का धन्यवाद किया। इस पहल से अस्पताल में सर्दियों में परिजनों की परेशानी कम हुई और सभी ने इसे सराहनीय कदम बताया।