दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे दमोह-जबलपुर मार्ग पर बीसनाखेड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की मौत हो गई।
दो की मौके पर मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद हेमराज लोधी और भारत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को मर्चुरी में रखवा दिया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मां-बेटी की हालत नाजुक

घायलों में नीमा लोधी और उनकी बेटी अंजलि लोधी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं तेजी लोधी और संतोष लोधी का इलाज दमोह जिला अस्पताल में जारी है।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक हेमराज लोधी के साले सुमेर सिंह ने बताया कि वे सभी सेमरा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। हेमराज अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक पर थे, जबकि सुमेर एक मिनी ट्रक से पीछे आ रहे थे।
बीसनाखेड़ी गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार तेजी लोधी ने बताया कि वे दमोह से अपने गांव की ओर जा रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही नोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में जिला अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर टक्कर के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और अंधेरे को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।