दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में रविवार को चलती बस में एक महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला ने बस मालिक पर आरोप लगाया है, जो बस में कंडक्टर का कार्य भी करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बांदकपुर से हटा आ रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, हटा थाना क्षेत्र की महिला यात्री बस क्रमांक एमपी 14 पी ए 0517 से बांदकपुर से हटा की ओर आ रही थी। बस बनवार, बांदकपुर और बनगांव होते हुए हटा जा रही थी। यात्रा के दौरान आरोपी आशिक खान (35), जो वारिस ट्रेवल्स की बस का मालिक बताया जा रहा है और उसी बस में कंडक्टर का काम कर रहा था, महिला की सीट पर आकर बैठ गया।
सीट पर बैठकर की छेड़छाड़
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। महिला ने तुरंत इसका विरोध किया और अपने जीजा को फोन कर घटना की जानकारी दी। विरोध के बाद आरोपी बनगांव में बस से उतरकर फरार हो गया।
परिचितों ने बस को घेरा, डायल 112 को दी सूचना
महिला ने अपने अन्य परिचितों को भी फोन पर सूचना दी। इसके बाद लुहारी में परिचितों ने बस को घेर लिया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर हटा थाने ले गई।

महिला थाना में दर्ज हुआ मामला
हटा थाने में महिला पुलिस विवेचक उपलब्ध नहीं होने के कारण पीड़िता को दमोह महिला थाना भेजा गया। वहां आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी आशिक खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में शून्य पर मामला दर्ज किया गया। बाद में केस डायरी हटा थाने भेज दी गई।
आरोपी की तलाश जारी
हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि वारिस ट्रेवल्स की यात्री बस में कंडक्टर आशिक खान द्वारा महिला से छेड़छाड़ की शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अभद्रता या असुरक्षित स्थिति होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।