दमोह में सोमवार शाम ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने एसपी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि फुटेरा वार्ड तीन के एक ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट की गई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
मारपीट की घटना का विवरण
ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने बताया कि यह घटना गायत्री शक्तिपीठ गेट के पास रहने वाले चंदू उपाध्याय के घर में रविवार दोपहर हुई। परिवार के अनुसार, कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान और उनके साथियों ने घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित परिवार ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पीड़ित परिवार कोतवाली जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। इसके बाद परिवार में डर और दहशत का माहौल बन गया।
ब्राह्मण समाज ने किया एसपी कार्यालय में प्रदर्शन
सोमवार शाम समाज के सदस्य सतीश तिवारी, नित्या प्यासी, मनीष तिवारी सहित अन्य लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन दबावों के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। समाज ने आरोप लगाया कि पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान बस स्टैंड के पास अनुज टंडन के पेट्रोल पंप पर काम करता है और आदतन अपराधी है।
प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक नारेबाजी और हंगामा किया।
सीएसपी ने दिया आश्वासन, प्रदर्शन समाप्त
इस दौरान सीएसपी एचआर पांडे मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ब्राह्मण समाज के लोग अपना प्रदर्शन समाप्त कर गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।