दिल्ली के 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, संसद में ब्लास्ट का दावा !

Spread the love

राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों के 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। धमकी भरे मेल में 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद में ब्लास्ट करने और दिल्ली को खालिस्तान बनाने का दावा किया गया था। इस घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक मिली 15 धमकियों में से आठ को फर्जी पाया गया है, जबकि शेष मामलों की गहन जांच जारी है।

सुबह-सुबह इमरजेंसी कॉल, मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, सोमवार सुबह अलग-अलग इलाकों से स्कूल प्रबंधन की ओर से इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही फायर टेंडर, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को संबंधित स्कूलों में भेजा गया।

न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित कैम्ब्रिज स्कूल सहित कई स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया और छात्रों-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसरों की सघन तलाशी ली गई।

धमकी भरे मेल में आतंकी और खालिस्तान का जिक्र

धमकी भरे ई-मेल में आतंकी अफजल गुरु का नाम लेते हुए लिखा गया था—
“अफजल गुरु की याद में दिल्ली बनेगा खालिस्तान। 13 फरवरी को 1:11 बजे संसद में धमाका होगा। पंजाब खालिस्तान है। खालिस्तान नेशनल आर्मी।”

इस संदेश के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।

अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। ई-मेल भेजने वाले की लोकेशन और सोर्स का पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस की साइबर टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। साथ ही राजधानी के संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है।

इन स्कूलों को मिली बम की धमकी

  • लोरिटो कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली कैंट
  • कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी
  • कैम्ब्रिज स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी
  • द इंडियन स्कूल, सादिक नगर
  • DTEA स्कूल, INA और लोधी रोड
  • वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, रोहिणी
  • CM श्री स्कूल, रोहिणी और शालीमार बाग
  • आधारशिला विद्यापीठ, पीतमपुरा
  • मॉडर्न पब्लिक स्कूल, शालीमार बाग
  • जसपाल कौर पब्लिक स्कूल, शालीमार बाग
  • मानव स्थली स्कूल, न्यू राजेंद्र नगर
  • राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, द्वारका
  • बाल भारती स्कूल, रोहिणी

बिहार में भी कोर्ट को उड़ाने की धमकी

इसी तरह बिहार के पटना और भागलपुर सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सिविल कोर्ट पटना, भागलपुर और जिला बार एसोसिएशन के नाम ई-मेल भेजे गए, जिनमें जज के चैंबर और वॉशरूम में RDX रखने और रिमोट से ब्लास्ट करने की बात कही गई।

धमकी के बाद दोनों कोर्ट परिसरों को खाली करा लिया गया। जज और वकील अपने चैंबर से बाहर निकल आए। बिहार के सभी न्यायालयों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

हाल के दिनों में बढ़ीं धमकी भरी घटनाएं

गौरतलब है कि इससे पहले 7 फरवरी को राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर और जयपुर बेंच को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान भी हाईकोर्ट परिसर खाली कराकर बम और डॉग स्क्वॉड से जांच कराई गई थी और जयपुर में सुनवाई स्थगित कर दी गई थी।

जांच जारी, अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां सभी धमकियों को गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *