ग्वालियर में बुधवार को एससी-एसटी और ओबीसी समाज के लोगों ने SP कार्यालय का घेराव किया। यह विरोध बेहट थाना क्षेत्र के गड़रोली गांव में दुकानदार और ओबीसी नेता मूलचंद के साथ हुई मारपीट व जानलेवा हमले के खिलाफ किया गया।
SP के नहीं मिलने पर भेदभाव का आरोप
प्रदर्शनकारी जब SP कार्यालय पहुंचे तो शुरुआती समय में SSP ज्ञापन लेने नहीं आए, जिस पर उन्होंने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया। कुछ देर बाद SSP पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर ज्ञापन लिया तथा जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वीडियो में आरोपी के हाथ में कट्टा
ओबीसी नेता धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी राहुल शुक्ला व उसके साथी मूलचंद को बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में कट्टा भी नजर आ रहा है, हालांकि फायरिंग नहीं हुई।
कुशवाहा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दर्शाती हैं कि “प्रशासन गुंडों पर अंकुश लगाने में नाकाम है।”

कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में दुकानदार को सड़क पर पटककर बेरहमी से पीटा
सोशल मीडिया पर मंगलवार शाम एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक एक दुकानदार को सड़क पर लेटा कर लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। हमलावर मारते समय हंस भी रहे थे। घटना बेहट इलाके के इकोना तिराहा की बताई जा रही है।