सागर जिले की देवरी नगर पालिका के अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने (राइट टू कॉल) के लिए सोमवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। इस विशेष मतदान प्रक्रिया के तहत नगर के मतदाता यह तय करेंगे कि वर्तमान अध्यक्ष को पद पर बने रहना चाहिए या नहीं।
30 मतदान केंद्र, 19,248 मतदाता
देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देवरी नगर के 15 वार्डों में कुल 30 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, प्रत्येक वार्ड में दो-दो मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इन मतदान केंद्रों पर कुल 19,248 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 9,938 महिला और 9,310 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। इनमें 3 अति संवेदनशील और 3 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।
कुल 30 मतदान दलों की तैनाती की गई है, जिनमें 120 चुनाव कर्मचारी ड्यूटी पर हैं, जबकि 12 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो कोटवार, नगर पालिका कर्मचारी और पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके अलावा 10-10 मतदान केंद्रों के मान से तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। निगरानी के लिए शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

फ्लैग मार्च और निरीक्षण
चुनाव से पहले रविवार शाम एडीएम अविनाश रावत और एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा देवरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकालकर आम नागरिकों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की। इसके बाद अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदान दलों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि सभी पोलिंग बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पुलिस की टीमें लगातार नगर में गश्त करेंगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
21 जनवरी को होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दलों को सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया है। स्ट्रांग रूम शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।
मतगणना 21 जनवरी को सुबह 9 बजे से शुरू होगी और दोपहर तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

अविश्वास प्रस्ताव के बाद हुआ मतदान
उल्लेखनीय है कि देवरी नगर पालिका की वर्तमान अध्यक्ष नेहा जैन हैं। अध्यक्ष बनने के कुछ समय बाद ही उनके खिलाफ विरोध शुरू हो गया था। पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद उन्हें पद से हटाया गया था, लेकिन वे न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर दोबारा अध्यक्ष पद पर काबिज हो गई थीं।
इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया। इसके बाद पार्षदों द्वारा फिर से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जिसके आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने “खाली कुर्सी और भरी कुर्सी” के तहत अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए मतदान कराने का निर्णय लिया।
अब यह फैसला देवरी नगर की जनता के हाथ में है, जो मतदान के जरिए तय करेगी कि नगर पालिका की कमान आगे किसके हाथों में रहेगी।