देवरी पुलिस ने रिवॉल्वर के साथ तीन युवकों को दबोचा, हथियार बेचने आए थे आरोपी !

Spread the love

सागर जिले की देवरी थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए रिवॉल्वर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक कार में सवार होकर रिवॉल्वर बेचने के इरादे से देवरी पहुंचे थे। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुसुम विहार कॉलोनी में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

देवरी पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुसुम विहार कॉलोनी क्षेत्र में एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी है, जिसमें कुछ युवक बैठे हुए हैं और उनके पास अवैध हथियार हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कॉलोनी में घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका गया।

कार में तीन युवक सवार थे, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकलने के लिए कहा। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के बाजू में बैठे युवक ने अपना नाम नीलेश पिता धनीराम गौंड, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सरखेड़ा बताया। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस को एक रिवॉल्वर बरामद हुई। पूछताछ में नीलेश ने बताया कि यह रिवॉल्वर कार चला रहे युवक की है।

इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर सीट पर बैठे युवक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम मंगल पिता सतपाल सिंह दांगी, उम्र 26 वर्ष, निवासी सरखेड़ा बताया। वहीं, कार की पिछली सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम पूरन पिता श्रीराम गौंड, उम्र 22 वर्ष, निवासी बूठी मुआर, देवरी बताया।

पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वे एक गिरवी रखी हुई कार से देवरी आए थे और रिवॉल्वर को बेचने की योजना बना रहे थे। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके से रिवॉल्वर और कार को जब्त कर लिया।

देवरी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों को रिवॉल्वर कहां से प्राप्त हुई और इसे किसे बेचने की योजना थी। साथ ही इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता होने की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *