सागर | देवरी थाना पुलिस ने ग्राम चिरचिटा सुखजू में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की है। पुलिस और ग्रामीणों के डर से शराब तस्कर कार से शराब उतारकर पुलिया के पास खंती में फेंककर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम चिरचिटा सुखजू में ग्रामीणों द्वारा स्वयं शराबबंदी लागू की गई है। गांव में शराब पीने और बेचने पर सख्त रोक है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे शराब की तस्करी कर रहे थे। देर रात ग्रामीणों को तस्करी की सूचना मिली, जिसके बाद वे इकट्ठा होकर सड़क पर आ गए और पुलिस को भी सूचना दी।
इसी दौरान कार में शराब लेकर आरोपी गांव पहुंचे, लेकिन सड़क पर लोगों की भीड़ देख घबरा गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने शराब को कार से निकालकर पुलिया के पास खंती में फेंक दिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और शराब को कब्जे में लिया।

देवरी थाना प्रभारी समरथ सीनम ने बताया कि मौके से 8 पेटी प्लेन देशी शराब जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में शराब की सप्लाई रायसेन जिले से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में आलोक पिता राजेश दुबे निवासी नया नगर और रामकृष्ण पिता हरिराम यादव निवासी चिरचिटा सुखजू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।