धार्मिक स्थलों के पास बढ़ाएं फूलों की खेती, योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे – आयुक्त अनिल सुचारी !

Spread the love

सागर, 11 फरवरी 2026

संभाग आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में संभाग के सात प्रमुख विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक रूप से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। बैठक में उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ, नापतौल विभाग तथा म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त श्री सुचारी ने निर्देश दिए कि सागर संभाग के धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में “पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना” को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिरों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने से श्रद्धालुओं को ताजे पुष्प उपलब्ध होंगे और स्थानीय किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। साथ ही उद्यानिकी फसलों के विस्तार के लिए क्लस्टर डेवलपमेंट मॉडल अपनाने पर बल दिया गया।

“पर ड्रॉप मोर क्रॉप” अभियान के तहत सूक्ष्म सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन) योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में ड्रिप इरिगेशन का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण किया जाए। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना और पशु टीकाकरण कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने पशु चिकित्सा मोबाइल यूनिट्स का अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जांच की जाए कि वाहन वास्तव में ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं या केवल अभिलेखों में दर्ज हैं। पशु उपचार और टीकाकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

खाद्य विभाग एवं म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन को खाद्यान्न उठाव और वितरण समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नापतौल विभाग को बाजारों में नियमित जांच और निरीक्षण कर उपभोक्ता हितों की रक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण वितरण तथा लक्ष्य पूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
78060077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *