बीना | नईबस्ती क्षेत्र की उज्जल विहार कॉलोनी से होकर रेलवे माल गोदाम के हैवी वाहनों की आवाजाही से कॉलोनीवासियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भारी वाहनों के लगातार निकलने से जहां कॉलोनी की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद ने कलेक्टर और डीआरएम को शिकायत पत्र सौंपते हुए रेलवे माल गोदाम के हैवी वाहनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि उज्जल विहार कॉलोनी पूरी तरह निजी और वैध कॉलोनी है। कॉलोनाइजर द्वारा यहां निवासियों की सुविधा के लिए पक्की सड़कों का निर्माण कराया गया था। बावजूद इसके, रेलवे माल गोदाम से जुड़े भारी वाहन कॉलोनी की सड़कों का उपयोग कर रहे हैं। इससे कॉलोनी की मुख्य सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है और सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
धूल से बिगड़ रहा स्वास्थ्य, दुर्घटना की आशंका
हैवी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण कॉलोनी में धूल का गुबार उड़ता रहता है। यह धूल घरों के भीतर तक पहुंच रही है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानी हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, जिससे कॉलोनीवासी हमेशा भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।

सड़क उखड़ने से बढ़ेंगी दिक्कतें
पार्षद ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि यदि इसी तरह कॉलोनी की सड़कें टूटती रहीं, तो भविष्य में रहवासियों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सड़क पूरी तरह खराब होने की स्थिति में शासन स्तर पर नई सड़क निर्माण की प्रक्रिया में लंबा समय लग सकता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
हैवी वाहनों पर रोक की मांग
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए पार्षद ने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि रेलवे माल गोदाम से निकलने वाले हैवी वाहनों को कॉलोनी की सड़कों से गुजरने से रोका जाए और उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए। कॉलोनीवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करेगा, ताकि उन्हें धूल, टूटती सड़कों और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।