बागेश्वर | नए साल की शुरुआत के मौके पर बागेश्वर धाम में देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पार्टियों और होटलों को तवज्जो देने के बजाय हनुमान जी के दरबार में माथा टेककर नए साल की शुरुआत की। भीड़ के इस उत्साह ने सिद्ध तीर्थ बागेश्वर धाम को पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया है।

होटल और धर्मशालाएं फुल, दूर-दूर से पहुंचे भक्त
अंग्रेजी नए साल की पूर्व संध्या से ही छोटे-बड़े, बुजुर्ग और बच्चे सभी उम्र के लोग बागेश्वर धाम पहुंचने लगे थे। धाम के आसपास के सभी होटल और धर्मशालाएं पूरी तरह भर चुकी हैं। होटल मैनेजरों ने बताया कि देश के साथ-साथ विदेशों से आए भक्तों ने भी एडवांस बुकिंग कराई है। भक्त बागेश्वर महाराज और बालाजी सरकार के दर्शन कर नए साल के लिए मंगलकामना कर रहे हैं।

अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। उनका कहना है कि नए साल की शुरुआत किसी धार्मिक स्थल से करना ही असली संकल्प है। भीलवाड़ा से आए भक्तों के समूह ने कहा कि वे बालाजी के चरणों में पूरे देश की भलाई के लिए प्रार्थना करने आए हैं। कुछ अभिभावकों ने बताया कि वे अपने बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए यहां लेकर आए हैं।

पीठाधीश महाराज लौटे धाम, कथा और हवन की तैयारी
पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छत्तीसगढ़ में अपनी कथा पूरी कर दो दिन पहले ही धाम लौट आए हैं। नए साल के जश्न के साथ-साथ धाम में धार्मिक आयोजनों की भी तैयारी है। नए साल के तीसरे दिन यहां ‘श्री सत्यनारायण कथा’ का बड़ा आयोजन होगा। इसके अलावा 4 जनवरी की रात को देश-विदेश के भक्तों के साथ ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन का आयोजन किया जाएगा।

धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि यहां आकर नए साल की शुरुआत करने से आध्यात्मिक उल्लास मिलता है। बच्चों और परिवार के साथ आए लोग इस अवसर का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। लोगों के भारी उत्साह को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि पूरा सप्ताह बागेश्वर धाम में भक्ति और धार्मिक उमंग के साथ बीतेगा।