भोपाल। नए साल की दस्तक से पहले भोपाल की सड़कों पर यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। नशे में वाहन चलाने से होने वाले हादसों और युवाओं की बढ़ती मौतों को रोकने के उद्देश्य से भोपाल नगरीय यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच कर दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टैक्सी चालकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

भोपाल नगरीय यातायात पुलिस ने 29 दिसंबर 2025 से विशेष अभियान की शुरुआत की है। फिलहाल शहर के 9 प्रमुख चौराहों और तिराहों पर नशे में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोककर लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से की जा रही है।

युवाओं पर सड़क हादसों की सबसे ज्यादा मार
आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में हर साल सड़क हादसों में 1 लाख 20 हजार से अधिक लोग घायल होते हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जाता है। चिंता की बात यह है कि इनमें सबसे अधिक संख्या 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की है। कुल सड़क हादसा पीड़ितों में करीब 61 प्रतिशत इसी आयु वर्ग के होते हैं।
आयु वर्ग के अनुसार सड़क हादसा पीड़ितों का प्रतिशत इस प्रकार है—
- 0 से 15 वर्ष: 4 प्रतिशत
- 15 से 30 वर्ष: 61 प्रतिशत
- 31 से 45 वर्ष: 25 प्रतिशत
- 46 से 60 वर्ष: 9 प्रतिशत
- 60 वर्ष से अधिक: 2 प्रतिशत

इंदौर, भोपाल और जबलपुर में सबसे ज्यादा हादसे
साल 2025 में प्रदेश में सबसे अधिक सड़क हादसे इंदौर में दर्ज किए गए, जहां करीब साढ़े पांच हजार मामले सामने आए। इसके बाद भोपाल में लगभग 5 हजार और जबलपुर में करीब साढ़े चार हजार सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों के प्रमुख कारणों में नशे में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी शामिल है।
नशे में ड्राइविंग पर 10 हजार तक जुर्माना
नगरीय यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोषी पाए जाने पर 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है, साथ ही अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अब तक एक दर्जन से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या और 1 जनवरी को जिलेभर में करीब चार दर्जन स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए जाएंगे। इस अभियान में यातायात पुलिस के साथ जिले के थानों का बल भी तैनात रहेगा, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
पुलिस की अपील
भोपाल नगरीय यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। एक छोटी सी लापरवाही न सिर्फ चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। किसी भी असुविधा की स्थिति में नागरिक यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 0755-2677340 या 0755-2443850 पर संपर्क कर सकते हैं।