नया बाजार–वर्णी कॉलोनी रोड की बदहाल स्थिति पर नाराजगी, विधायक ने निर्माण का दिया आश्वासन !

Spread the love

सागर। नया बाजार और वर्णी कॉलोनी क्षेत्र की सड़क की जर्जर हालत ने नागरिकों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं। सड़क पर गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें राहगीर और वाहन चालक घायल हो रहे हैं।

इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क निर्माण, महिला एवं पुरुष प्रसाधन गृह का निर्माण, क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर रोक, यातायात व्यवस्था सुधार और लच्छू चौराहे पर पुलिस पॉइंट तैनात करने की मांग की गई।

नागरिकों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को असुरक्षा का भय बना रहता है।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नया बाजार–वर्णी कॉलोनी रोड का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने संबंधित इंजीनियर को तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में महिला एवं पुरुष प्रसाधन गृह का निर्माण भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

नागरिकों ने विधायक से समय रहते कार्रवाई की अपेक्षा जताई और कहा कि यदि सड़क और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *