सागर। प्रदेश सरकार द्वारा घोषित ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र में कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कृषि रथ आगामी एक माह तक विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगा और किसानों को उन्नत खेती, नवीन तकनीक, सरकारी योजनाओं तथा कृषि विभाग की सेवाओं की जानकारी प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने भोपाल से किया प्रदेशव्यापी शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि इसी दिन प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के जंबूरी मैदान से ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एवं विकासखंड स्तर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में प्रदेश के अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्यरत – विधायक लारिया
इस अवसर पर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के माध्यम से सरकार का लक्ष्य हर गांव तक पहुंचकर किसानों को मिट्टी परीक्षण, उन्नत बीज, सिंचाई की आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आय में भी उल्लेखनीय इजाफा होगा।

एक माह तक चलेगा जागरूकता अभियान
विधायक लारिया ने बताया कि यह कृषि रथ किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, उन्नत बीज वितरण एवं अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव जाकर देगा। साथ ही कृषि विशेषज्ञ किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए मार्गदर्शन भी देंगे।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं तथा प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनें।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीडीए राजेश त्रिपाठी, परियोजना संचालक एमके प्रजापति, सहायक संचालक जितेंद्र सिंह राजपूत, अनिल राय, अंकित रावत, आरडी लडिया, कुलदीप क्रिश्चियन, आसमा कुर्मी, शैलेष पांडे, राघवेंद्र भारद्वाज सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।