नववर्ष से पहले मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई !

Spread the love

सागर। नववर्ष से पहले मोतीनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 144 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1,84,800 रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि खुरई रोड, ठाकुर बाबा पहाड़ी के पास ग्राम गढ़ौली खुर्द में कोई व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रख रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी मोतीनगर ने पुलिस बल के साथ मौके पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान आरोपी शुभम (23 वर्षीय, निवासी ग्राम गढ़ौली खुर्द) को पकड़ लिया गया। आरोपी झाड़ियों में छिपाए गए 16 खाकी रंग के कार्टून में मैकडॉवेल्स और ओल्ड मंक कंपनी की कुल 144 लीटर शराब रखे होने की बात सामने आई। आरोपी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब, अवैध हथियार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *