मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक राज्यभर में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (J.N.P.A.), सागर में एक प्रेरणादायक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सागर श्री ललित कश्यप के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 100 प्रशिक्षु पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में नशा न करने एवं समाज को नशामुक्त बनाने हेतु सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शपथ दिलवाना नहीं था, बल्कि यह स्पष्ट संदेश देना भी था कि पुलिस बल का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को सामाजिक बुराइयों—विशेषकर नशे की लत—से भी मुक्त कराना है। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों ने यह प्रतिबद्धता जताई कि वे न केवल व्यक्तिगत रूप से नशामुक्त रहेंगे, बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिबद्धता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। जेएनपीए सागर जैसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान से यह संदेश पूरे पुलिस बल और आम नागरिकों के लिए प्रेरणा स्वरूप है।
🔴 “नशे के विरुद्ध यह लड़ाई हर एक की जिम्मेदारी—पुलिस आपके साथ है”